प्रमुख खबरें

मुख्यमंत्री ने समृद्धि यात्रा के दौरान गोपालगंज जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आनेवाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है-मुख्यमंत्री

अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें- मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के दौरान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरौली में गोपालगंज जिले से संबंधित विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। समीक्षा बैठक के दौरान गोपालगंज जिले के जिलाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा ने प्रगति यात्रा से संबंधित योजनाओं, सात निश्चय-2 की योजनाओं तथा सात निश्चय-3 की योजनाओं के क्रियान्वयन के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जिले में किए जा रहे अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी दी।

समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित जिन योजनाओं की स्वीकृति दी गई है, उनका क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनका बेहतर ढंग से क्रियान्वयन करें। उन्होंने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत जो योजनाएं निर्धारित की गई हैं उस पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को तेजी से क्रियान्वित कर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के हित में कार्य कर रही है, उसके लिये कई योजनायें चलायी जा रही हैं। सरकार द्वारा जनहित में किये गये कार्यों को जनता तक पहुंचायें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ (Ease of Living) का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है। इसे लेकर हमलोग लगातार काम कर रहे हैं। हमलोग राज्य के सभी नागरिकों की सुविधाओं का ख्याल रख रहे हैं। उनके जीवन को आसान और विकसित बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सभी अधिकारी संवेदनशीलता के साथ योजनाओं को क्रियान्वित करें ताकि बिहार देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल हो सके।

समीक्षा बैठक में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, संबद्ध विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव / सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ० चन्द्रशेखर सिंह, सारण प्रमंडल के आयुक्त श्री मनीष कुमार, सारण प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक श्री निलेश कुमार, गोपालगंज के जिलाधिकारी श्री पवन कुमार सिन्हा, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!