District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था अलर्ट मोड में

एपीएचसी चूरली, ठाकुरगंज में व्यवस्थाओं की हुई गहन समीक्षा

किशनगंज,20जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मुख्यमंत्री के जिले में प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस दौरे को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति के आकलन के अवसर के रूप में देखा जा रहा है। इसी क्रम में सिविल सर्जन किशनगंज डॉ. राज कुमार चौधरी ने प्रखंड ठाकुरगंज अंतर्गत अपर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) चूरली का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं आधारभूत व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन के साथ डीसीएम सुमन सिन्हा एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी (एमओआईसी) ठाकुरगंज डॉ. अखलाकुर रहमान उपस्थित रहे। टीम ने ओपीडी संचालन, दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति, स्टोर रूम, साफ-सफाई, शौचालय, बिजली-पानी की व्यवस्था, मरीजों के बैठने एवं प्रतीक्षालय की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं न केवल दिखावटी रूप से, बल्कि वास्तविक रूप से प्रभावी और सुचारु हों। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को समयबद्ध सेवा, अनुशासन और मरीजों के हित को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के क्रम में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, रेफरल प्रणाली, एंबुलेंस सेवा एवं मानव संसाधन की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया गया। जहां कमियां पाई गईं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सजग है। एपीएचसी चूरली सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, दवाओं, उपकरणों एवं मानव संसाधन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। लक्ष्य यह है कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को परेशानी न हो और स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

वहीं डीसीएम सुमन सिन्हा एवं एमओआईसी ठाकुरगंज डॉ. अखलाकुर रहमान ने भी स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक समन्वय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने का गंभीर प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!