ओवरटेकिंग विवाद में बागडोगरा में फंसे किशनगंज उत्पाद विभाग के कर्मी
विभाग ने तीन कर्मियों से मांगा स्पष्टीकरण

किशनगंज,13जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बंगाल के सिलीगुड़ी से किशनगंज लौट रहे उत्पाद विभाग के कर्मियों का सोमवार देर शाम बागडोगरा के पास स्थानीय लोगों के साथ ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया। घटना बागडोगरा थाना क्षेत्र के एनएच-27 की बताई जा रही है। मामले के सामने आने के बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशनगंज उत्पाद विभाग के एक निरीक्षक स्तर के कर्मी, दो महिला कांस्टेबल एवं एक अन्य कर्मी निजी वाहन से सिलीगुड़ी से किशनगंज लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन ओवरटेक करने को लेकर स्थानीय लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उत्पाद विभाग की गाड़ी तेज गति से ओवरटेक कर रही थी, जिससे दुर्घटना की आशंका उत्पन्न हो गई थी। आक्रोशित लोगों ने आगे बैरिकेडिंग कर वाहन को रुकवा दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
सड़क पर हंगामे की सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और सुरक्षा की दृष्टि से उत्पाद विभाग के कर्मियों को थाने ले गई। किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
हालांकि, यह प्रकरण अब विभागीय स्तर पर गंभीर माना जा रहा है। बिना आधिकारिक अनुमति के बंगाल जाने के आरोप को लेकर उत्पाद विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। उत्पाद निरीक्षक संगम कुमार विद्यार्थी सहित तीन कर्मियों से यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि वे किस कार्य से सिलीगुड़ी गए थे।
इस संबंध में उत्पाद थानाध्यक्ष मनीष सक्सेना ने बताया कि संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब प्राप्त होने के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी की नजरें कर्मियों द्वारा दिए जाने वाले स्पष्टीकरण पर टिकी हुई हैं।


