सारण पुलिस को ‘ऑपरेशन नया सवेरा’ में राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार
31 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक चले विशेष अभियान “ऑपरेशन नया सवेरा” के दौरान सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा/थिएटर समूहों में फंसी पीड़िताओं को मुक्त कराने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की

पटना/सारण,30दिसंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मानव तस्करी एवं शोषण के विरुद्ध उत्कृष्ट कार्य के लिए सारण पुलिस को “ऑपरेशन नया सवेरा” अभियान के तहत राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। मंगलवार को बिहार पुलिस मुख्यालय के अपराध अनुसंधान विभाग (कमजोर वर्ग) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला “कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, निषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम, 2013 (POSH Act)” के अवसर पर यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार (भा.पु.से.) ने अभियान में सराहनीय नेतृत्व एवं प्रभावी कार्यकुशलता के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण डॉ. कुमार आशीष (भा.पु.से.) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उल्लेखनीय है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की पहल पर 31 जुलाई 2025 से 14 अगस्त 2025 तक चले विशेष अभियान “ऑपरेशन नया सवेरा” के दौरान सारण पुलिस ने मानव तस्करी, बाल श्रम, अनैतिक देह व्यापार तथा ऑर्केस्ट्रा/थिएटर समूहों में फंसी पीड़िताओं को मुक्त कराने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। अभियान के दौरान ऑर्केस्ट्रा गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए 29 नाबालिग एवं बालिग लड़कियों को शोषण के चंगुल से आजाद कराया गया, साथ ही संगठित अपराधियों की गिरफ्तारी सहित आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) ने सारण पुलिस की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी सारण पुलिस इसी प्रतिबद्धता के साथ कमजोर वर्गों की सुरक्षा, महिलाओं एवं बच्चों के अधिकारों के संरक्षण तथा संगठित अपराधों के उन्मूलन में अग्रणी भूमिका निभाती रहेगी।
यह उपलब्धि सारण पुलिस के टीमवर्क, सशक्त नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण का सशक्त प्रमाण है। बिहार पुलिस कमजोर वर्गों के उत्थान एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर कटिबद्ध है।


