अररिया : विश्वकर्मा पूजा पर निर्माण श्रमिकों को मुख्यमंत्री द्वारा ₹5000 की वार्षिक सहायता
अररिया में श्रम कल्याण दिवस पर भव्य कार्यक्रम, 200 से अधिक श्रमिक हुए शामिल

अररिया,17सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/अब्दुल कैय्युम, विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को वार्षिक वस्त्र सहायता योजना के तहत ₹5000 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई है। यह हस्तांतरण मुख्यमंत्री, बिहार के कर-कमलों द्वारा किया गया।
श्रम कल्याण दिवस पर परमान सभागार में हुआ आयोजन
इसी क्रम में उप विकास आयुक्त रोजी कुमारी की अध्यक्षता में परमान सभागार, अररिया में श्रम कल्याण दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के प्रत्येक प्रखंड से लगभग 200 निर्माण श्रमिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें लाभ से जोड़ना रहा।
विभागीय पदाधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे, जिनमें प्रमुख रूप से अमित कुमार, श्रम अधीक्षक, अररिया, सुबोध कुमार, सहायक निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, शंभू रजक, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, अमर ज्योति, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, अररिया सदर, राजेश कुमार, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, रानीगंज, ममता कुमारी, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, नरपतगंज, अमित कुमार कश्यप, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, जोकीहाट, सौरभ प्रभाकर, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, कुर्सीकांटा, आशिष कुमार पासवान, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, पलासी।
श्रमिकों को योजनाओं की दी गई जानकारी
इस अवसर पर श्रमिकों को राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न श्रम कल्याण योजनाओं, पेंशन, चिकित्सा, शिक्षा सहायता एवं सुरक्षा योजनाओं की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने श्रमिकों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं में सक्रिय भागीदारी निभाएं और नियमित रूप से अपने निबंधन का नवीकरण करवाते रहें।
गौरतलब है कि 17 सितम्बर को हर वर्ष विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर राज्य भर में श्रम कल्याण दिवस मनाया जाता है, जिसमें निर्माण श्रमिकों को आर्थिक सहायता सहित अन्य लाभ प्रदान किए जाते हैं।


