किशनगंज : सर्किल इंस्पेक्टर ने महिला थाना व एससी/एसटी थाना का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

किशनगंज,25नवंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
किशनगंज सर्किल इंस्पेक्टर राजा ने मंगलवार को महिला थाना और एससी/एसटी थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों थानों में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
सबसे पहले उन्होंने एससी/एसटी थाना का निरीक्षण किया, जहां थानाध्यक्ष दीपू कुमार मौजूद थे। सर्किल इंस्पेक्टर ने संचिकाओं के रख-रखाव, साफ-सफाई, कांडों की अद्यतन स्थिति और कार्य प्रणाली की जानकारी ली। साथ ही हाल के दिनों में दर्ज हुए मामलों की समीक्षा कर लंबित कांडों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।
इसके बाद सर्किल इंस्पेक्टर महिला थाना पहुंचे। उन्होंने महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी से ड्यूटी पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति की जानकारी ली और महिला थाना की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संचिकाओं की अद्यतन स्थिति की जांच की और महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान दुष्कर्म, पारिवारिक विवाद और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों की वर्तमान स्थिति की पड़ताल की गई। दर्ज दुष्कर्म मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली गई। सर्किल इंस्पेक्टर राजा ने स्पष्ट निर्देश दिया कि महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सर्किल इंस्पेक्टर के इस औचक निरीक्षण से दोनों थानों में कार्यकुशलता और मामलों के त्वरित निपटारे पर जोर दिए जाने का संदेश गया है।


