किशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मारवाड़ी कॉलेज में “तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज” संकल्प कार्यक्रम आयोजित

किशनगंज,27मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मारवाड़ी कॉलेज किशनगंज के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से बुधवार को कॉलेज के सेमिनार हॉल में “तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज” विषय पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार ने की। कार्यक्रम में शिक्षक, छात्र-छात्राओं एवं NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही।अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका दुष्प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प से समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी तंबाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को तंबाकू मुक्त संस्थान एवं समाज बनाने की शपथ दिलाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विजेता दास ने तंबाकू सेवन के मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि धूम्रपान और तंबाकू की लत मानसिक तनाव, अवसाद और व्यवहारगत समस्याओं को बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं को आत्मनियंत्रण, सकारात्मक सोच और स्वस्थ आदतें अपनाने की सलाह दी।कार्यक्रम का संचालन NSS कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. क़सीम अख्तर ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाकर सकारात्मक बदलाव लाना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से तंबाकू मुक्त अभियान को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।इस अवसर पर कुमार साकेत, डॉ. इम्तियाज़ अली, डॉ. पार्था बागची, रविकांत गुंजन, अर्णव लाहिरी  सहित कॉलेज के कई शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, स्वच्छ और तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!