बिहारब्रेकिंग न्यूज़

पूर्णिया : सरसी हत्याकांड के उद्भेदन में अहम भूमिका निभाने वाले एसआई राहुल कुमार को मिला प्रशस्ति-पत्र

पूर्णिया, 09 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सरसी थाना क्षेत्र में जुलाई में हुए राजेश यादव हत्याकांड के त्वरित उद्भेदन और आरोपितों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार को वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। 8 सितंबर को जारी प्रशस्ति-पत्र में एसएसपी ने राहुल कुमार के कार्य की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

प्रशस्ति-पत्र के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को सरसी थाना क्षेत्र के नर्सरी पावरग्रिड गांव में अपने ससुराल आए राजेश यादव, निवासी बनियापट्टी, थाना के. नगर की कथित रूप से हत्या कर शव गायब कर दिया गया था। मामले में सरसी थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 26 जुलाई 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2) और 238 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। SIT के सदस्य के रूप में राहुल कुमार ने मानवीय और तकनीकी जांच के आधार पर त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की निशानदेही पर मृतक का शव और घटना में प्रयुक्त टोटो भी बरामद किया गया।

इसके अलावा 29 जुलाई की रात चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ दो आरोपितों की गिरफ्तारी में भी राहुल कुमार की अहम भूमिका रही। उनकी निशानदेही पर एक और मोटरसाइकिल बरामद की गई। इस मामले में सरसी थाना कांड संख्या 161/26 दर्ज किया गया।

एसएसपी ने प्रशस्ति-पत्र में राहुल कुमार की कार्यकुशलता, लगन और मुस्तैदी को सराहनीय बताते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तत्परता से कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button