District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

ओदरा घाट पर अवैध बालू खनन के खिलाफ छापेमारी, दो ट्रैक्टर जब्त

थर्मोकोल की दो नावें जेसीबी से नष्ट, पुलिस को देखते ही बालू गिराकर चालक फरार

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध खनन एवं बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर मंगलवार को खनन विभाग, किशनगंज थाना एवं अर्राबारी थाना की संयुक्त टीम ने ओदरा घाट के समीप छापेमारी की। कार्रवाई करीब 11 बजे खान निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई।छापेमारी के दौरान टीम को देखकर बालू लदे दो ट्रैक्टर के चालक वाहन लेकर भागने लगे। पुलिस बल को नजदीक आते देख दोनों चालक ट्रैक्टर से बालू गिराकर मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। टीम ने दोनों ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। जब्त वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए किशनगंज थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान नदी में अवैध खनन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थर्मोकोल से निर्मित दो नाव भी बरामद हुईं। खनन विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से दोनों नावों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया।खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध खनन अथवा बालू का परिवहन करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जब्त दोनों ट्रैक्टरों के मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में सख्ती का संकेत मिला है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button