District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : डीएम ने स्थापना शाखा का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों के रखरखाव में लापरवाही पर सख्ती

महत्वपूर्ण मामलों के समयबद्ध निष्पादन, कर्मियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण और कार्यालय की साफ-सफाई के दिए निर्देश

किशनगंज, 29 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार ने मंगलवार को जिला स्थापना शाखा कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और लंबित मामलों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को कार्यालय व्यवस्था सुदृढ़ करने, महत्वपूर्ण पत्रों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करने तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।डीएम ने कार्यालय में संधारित विभिन्न संचिकाओं एवं पंजीयों का निरीक्षण करते हुए उन्हें निर्धारित इंडेक्स के अनुसार क्रमबद्ध और सुरक्षित रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय के अभिलेख महत्वपूर्ण प्रशासनिक दस्तावेज हैं, इसलिए इनके रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अक्रियाशील संचिकाओं को भी चिन्हित कर सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।निरीक्षण के दौरान मानवाधिकार, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, सूचना का अधिकार (आरटीआई), सीडब्ल्यूजेसी और एमजेसी सहित अन्य महत्वपूर्ण पत्रों एवं मामलों की समीक्षा की गई। डीएम ने इन मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और अनावश्यक विलंब से बचने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कर्मियों के सेवा संबंधी मामलों की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कर्मचारियों के सेवा अभिलेखों को अद्यतन रखा जाए और सेवानिवृत्ति से पूर्व नियमानुसार सेवांत लाभ की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि सेवानिवृत्ति के बाद किसी कर्मचारी को परेशानी नहीं हो। अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से संबंधित संचिकाओं को भी व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया।डिजिटल दक्षता बढ़ाने पर जोर देते हुए डीएम ने सभी कर्मियों को कंप्यूटर संचालन एवं टाइपिंग का प्रशिक्षण दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल दक्षता से कार्यालयीन कार्यों में तेजी और पारदर्शिता आएगी।

कार्यालय की भौतिक व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नियमित साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण तथा खराब उपकरणों एवं आवश्यक सामग्रियों को दुरुस्त कराने को कहा। मौके पर अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, प्रभारी पदाधिकारी जिला स्थापना शाखा सहित कर्मी उपस्थित थे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button