प्रमुख खबरें

*योजनाओं की समयबद्ध मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित नीति निर्माण को बढ़ावा देंगे : मंत्री*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/– मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने योजना एवं विकास विभाग का कार्यभार संभाला

योजना एवं विकास विभाग के नव-नियुक्त मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सोमवार को पुराना सचिवालय स्थित विभागीय कार्यालय में विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया।

कार्यभार ग्रहण के उपरांत अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने मंत्री को विभाग की संरचना, प्रमुख योजनाओं, सांख्यिकी एवं मूल्यांकन गतिविधियों तथा विभिन्न विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना पर भी प्रस्तुतीकरण किया गया।

बैठक में बताया गया कि योजना एवं विकास विभाग राज्य में विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग, मूल्यांकन एवं संसाधन प्रबंधन का नोडल विभाग है। विभाग के अंतर्गत अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, मूल्यांकन निदेशालय, बिहार राज्य योजना पर्षद, बिहार मौसम सेवा केंद्र, बिहार स्थानीय क्षेत्र विकास अभिकरण एवं लोकल एरिया इंजीनियरिंग ऑर्गनाइजेशन जैसी प्रमुख इकाइयां कार्यरत हैं।

मंत्री को अवगत कराया गया कि राज्य में जीएसडीपी एवं प्रति व्यक्ति आय के आकलन, कृषि एवं सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण, जन्म-मृत्यु निबंधन, डेटा आधारित मॉनिटरिंग तथा विभिन्न योजनाओं के मूल्यांकन का कार्य विभाग की ओर से किया जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, पंचायत सरकार भवन निर्माण, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम-II तथा आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि राज्य सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनाओं की समयबद्ध मॉनिटरिंग तथा डेटा आधारित नीति निर्माण को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पारदर्शिता, समन्वय एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।

अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी ने कहा कि विभाग द्वारा विकास योजनाओं की सतत निगरानी, मूल्यांकन एवं तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है, जिससे योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!