District Adminstrationकिशनगंजताजा खबरप्रमुख खबरेंब्रेकिंग न्यूज़राज्य

किशनगंज : राष्ट्र निर्माण के साथ-साथ सामाजिक कुरीतियों एवम बुराइयों को मिटाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका: डीएम

मीडिया सदा सशक्त रही है, सूचना प्राप्त करने का आज भी माध्यम है मीडिया-श्रीकांत शास्त्री

  • राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर “राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय” पर गोष्ठी का हुआ आयोजन।

किशनगंज/धर्मेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर डीएम, किशनगंज श्रीकांत शास्त्री के द्वारा जिले के सभी मीडिया प्रतिनिधियों (प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गई। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सूचना एवम जनसंपर्क विभाग के तत्वावधान में प्रेस क्लब किशनगंज के संवाद कक्ष में “राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय” पर परिचर्चा का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन डीएम, एडीएम, एसडीएम, डीपीआरओ एवम प्रेस प्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया। डीएम समेत सभी अतिथियों का स्वागत उन्हें पुष्प गुच्छ प्रदान कर किया गया। वरीय उप समाहर्त्ता-सह- डीपीआरओ रंजीत कुमार ने आगत अतिथियों का स्वागत करते हुए परिचर्चा के विषय एवम राष्ट्रीय प्रेस दिवस को लेकर संक्षिप्त जानकारी दिया। इस परिचर्चा में डीएम श्रीकांत शास्त्री, अपर समाहर्त्ता अनुज कुमार, एसडीएम अमिताभ कुमार गुप्ता तथा सभी मीडिया प्रतिनिधयों ने भाग लिया। डीएम ने अपने संबोधन में कहा कि मीडिया लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस प्रेस की स्वतंत्रता के साथ-साथ प्रेस की जिम्मेदारियों की ओर भी हमारा ध्यान आकृष्ट करता है। उन्होंने कहा कि आज बदलते परिवेश में निष्पक्षता की जवाबदेही मीडिया के समक्ष सबसे बड़ी जवाबदेही है। सोशल मीडिया के कारण आज अनेक प्रकार की चुनौतियां भी है फिर भी लोगों का विश्वास आज भी मीडिया के प्रति बहुत ही ज्यादा है। डीएम ने अपने संबोधन में मीडिया कर्मियों से निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में तथ्यात्मक भूल आधारित पत्रकारिता से त्वरित लोकप्रियता तो हासिल की जा सकती है, परंतु जो गंभीर और सजग पत्रकारिता करते हैं, उन्हें सदा के लिए याद रखा जाता है। अपर समाहर्त्ता अनुज कुमार ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया अपनी जबाबदेही को बखूबी निर्वहन कर रहा है। आजादी के बाद एक लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में हमारी अस्मिता को प्रखर स्वरूप प्रदान करने का काम भी पत्रकार बधुओं ने अनवरत जारी रखा है। परिचर्चा में एसडीएम अमिताभ कुमार गुप्ता ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के साथ साथ सामाजिक कुरीतियों एवम बुराइयों को मिटाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत के राष्ट्रीय चरित्र को गढ़ने में मीडिया ने अमूल्य योगदान दिया है। आजादी से पूर्व यह पत्रकारिता ही थी, जिसने भारत के जन मानस को अपने अधिकारों के लिए उद्वेलित किया और एक सूत्र में पिरोया। इसका प्रतिफल यह हुआ कि बड़े जनमानस ने स्वतंत्रता आंदोलन में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। उन्होंने मीडिया को कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बाद लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ के रूप में चिन्हित किए जाने के कार्य को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज सभी राष्ट्रीय ज्वलंत मुद्दों को जन जन तक पंहुचाने और जनमानस की राय कायम करने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वरीय उप समाहर्त्ता रंजीत कुमार ने कहा कि प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया समाज का दर्पण के साथ साथ दीपक होता है, जिनके माध्यम से हम अपने आसपास हो रही गतिविधियों के बारे में जागरूक होते हैं। सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वपूर्ण एवं कल्याणकारी योजनाएं तो सरकार के स्तर से चलती है लेकिन उसके क्रियान्वयन में मीडिया की भूमिका के द्वारा ही पैनापन आता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण एवं समाज को उत्तरोत्तर प्रगति के पथ पर लाने का कार्य मीडिया के द्वारा किया जाता है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष राष्ट्रीय प्रेस परिषद द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर “राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय” पर गोष्ठी का आयोजन हेतु टॉपिक निर्धारित किया गया था। सभी पदाधिकारियों ने सभी मीडियाकर्मियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक बधाई दी। इसके पूर्व परिचर्चा के प्रारंभ में सहारा के जिला संवाददाता शशि कांत झा ने पत्रकारों का आह्वान करते हुए कहा कि हमें चिंतन करने की जरूरत है कि पत्रकारिता सही दिशा में कैसे गतिमान हो। सकारात्मकता के साथ खबर को उजागर कर राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका को बताया। क़ौमी तंजीम के अली रेजा सिद्दीकी, ने पत्रकारिता में जारी गिरावट पर गम्भीर चिंता प्रकट करते हुए इस दिशा में कई सकारात्मक सुझाव पेश किए। सीमांचल की आवाज के अजहर रहमानी, ने समाज के निर्माण से राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका को रेखांकित किया। जिला संवाददाता शंभू रविदास जनपथ समाचार ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका को अत्यंत उपयोगी करार दिया। पोठिया संवाददाता दैनिक जागरण, पंकज भारती ने अपने विचार प्रकट कर मीडिया की भूमिका को बतलाया। प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुख सागर नाथ सिन्हा और सचिव राजेश दुबे ने पारदर्शिता और निष्पक्षता के सात पत्रकारिता करने और वैश्विक मानचित्र पर भारतीय मीडिया के रैंकिंग में सुधार हेतु अपने विचार रखें। श्री सिन्हा ने संचार क्रांति के बाद बदले मीडिया स्वरूप को विस्तार से बतलाया। परिचर्चा में जिला के सभी मीडिया/ब्यूरो की सशक्त उपस्थिति रही और राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को गरिमा प्रदान किया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button