किशनगंज : रचनात्मक कार्यक्रमों से पोषण का संदेश दे रहीं जीविका दीदियां
खाद्य विविधता, जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य और पोषण पर हो रही विशेष चर्चा

किशनगंज, 25 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में जीविका दीदियां नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत गांव-गांव स्वास्थ्य और पोषण का संदेश पहुंचा रही हैं। 9 सितंबर से शुरू हुआ पोषण माह 8 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन और संकुल संघ स्तर पर खाद्य प्रदर्शनी, रंगोली, मेहंदी, पोषण रैली और पोषण शपथ जैसे रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
जीविका डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि अभियान के माध्यम से विशेष रूप से गर्भवती और धात्री महिलाओं को खाद्य विविधता, पोषण, एनीमिया से बचाव, जच्चा-बच्चा के नियमित टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव की जानकारी दी जा रही है। जिले के करीब 24 हजार जीविका स्वयं सहायता समूहों में पोषण को लेकर विशेष चर्चा कर सदस्यों को जागरूक किया जा रहा है।
जीविका स्वास्थ्य, पोषण एवं स्वच्छता युवा पेशेवर मिराज ने बताया कि अभियान का उद्देश्य सूचना, जानकारी और आहार प्रदर्शनी के माध्यम से महिलाओं को व्यवहार परिवर्तन के लिए प्रेरित करना है, ताकि स्वस्थ और सुपोषित परिवार का निर्माण हो सके। स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संगठनों में विभिन्न गतिविधियों के जरिए पोषण संबंधी जानकारी दी जा रही है।
दीदियों को प्रतिदिन के भोजन में हरी सब्जियां, पीले व लाल रंग के फल-सब्जियां, अन्य फल-सब्जियां, अनाज, कंद-मूल, दाल एवं फलियां, बादाम-बीज, दूध व दूध से बने उत्पाद, मांस-मछली तथा अंडा जैसे दस आहार समूहों में से कम से कम पांच समूहों को शामिल करने के फायदे बताए जा रहे हैं।
अभियान के दौरान पोषण थाली, प्रसव पूर्व जांच, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था के संकेत, बच्चों की वृद्धि की निगरानी तथा उम्र के अनुसार लंबाई और वजन की जांच पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में जीविका दीदियां मनोरंजन और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से पोषण का संदेश जन-जन तक पहुंचा रही हैं।



