किशनगंज : तुलसिया हॉल्ट पर युवती से मारपीट का पुराना वीडियो वायरल, पांच आरोपित चिह्नित

किशनगंज, 25 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, दिघलबैंक थाना क्षेत्र के तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर युवती को घेरकर मारपीट और डांटने का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद किशनगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के व्हाट्सएप पर 24/25 सितंबर की देर रात करीब 12:30 बजे वीडियो प्राप्त हुआ। तकनीकी जांच में वीडियो करीब चार-पांच महीने पुराना और तुलसिया हॉल्ट का पाया गया। मामले में एसआईटी गठित कर रात से ही छापेमारी शुरू कर दी गई।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में करीब आठ-नौ युवक युवती को घेरे नजर आ रहे हैं, जबकि चार-पांच युवक उसके साथ डांट-फटकार और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी संतोष कुमार देर रात पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का भौतिक निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्य व मानवीय सूचना के आधार पर आरोपितों की पहचान शुरू कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने पांच युवकों की पहचान अफसर उर्फ हती, जुबेर खान, मिजान उर्फ सलमान, कामिल और शहजाद के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, इनमें अफसर गुजरात, जुबेर हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान कर्नाटक और कामिल पंजाब में है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। शहजाद समेत अन्य आरोपितों का भी सत्यापन जारी है।
पुलिस ने पीड़िता की पहचान कर उसका बयान दर्ज किया है। पीड़िता के अनुसार, वह अपने एक दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन गई थी। वहां आसपास के कुछ युवकों ने उसे देख लिया और उसके दोस्त को लेकर सवाल करते हुए उसके साथ डांट-फटकार और मारपीट की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद स्थानीय स्तर पर मुखिया की मौजूदगी में पंचायत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया गया था।
पीड़िता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित एसआईटी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने लोगों से अफवाहों से बचने और मामले से संबंधित भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित नहीं करने की अपील की है।



