District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : अपूर्ण आवास जल्द पूरा कराएं, स्वच्छता संसाधनों की शत-प्रतिशत क्रियाशीलता सुनिश्चित करें

डीएम ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश

किशनगंज, 10 सितंबर। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान (SBM-G/LSBA) तथा VB-G RAM-G योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

अपूर्ण आवासों को समय पर पूरा कराने का निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में लंबित और अपूर्ण आवासों की प्रखंडवार स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सभी बीडीओ को लाभुकों से नियमित समन्वय स्थापित कर अपूर्ण आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही योजनाओं की लगातार निगरानी करने और निर्माण कार्य में आने वाली बाधाओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी

SBM-G/LSBA की समीक्षा के दौरान महादलित परिवारों के लिए जीविका के माध्यम से ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराकर शौचालय निर्माण को बढ़ावा देने की योजना पर चर्चा हुई। इसके अलावा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), कचरा संग्रहण एवं प्रबंधन तथा ई-रिक्शा और पैडल रिक्शा की क्रियाशीलता की समीक्षा की गई।

डीएम ने अधिकारियों को स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने तथा उपलब्ध सभी संसाधनों की शत-प्रतिशत क्रियाशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जनोपयोगी योजनाओं का प्रस्ताव तैयार करें

VB-G RAM-G योजना की समीक्षा में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयोगी एवं जनोपयोगी योजनाओं को शामिल करने पर चर्चा हुई। डीएम ने कार्यक्रम पदाधिकारियों को विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, आंगनबाड़ी भवन, ग्रामीण हाट और अन्य ग्रामीण आधारभूत संरचनाओं से संबंधित संभावित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करने तथा आवश्यकता का आकलन कर नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, निदेशक लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, निदेशक एनईपी, डीपीओ VB-G RAM-G, जिला समन्वयक एवं जिला सलाहकार LSBA सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button