पूर्णिया : साइबर फ्रॉड के 56,100 रुपये पुलिस ने कराए वापस

पूर्णिया, 23 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, साइबर थाना पूर्णिया की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी की शिकार हुई महिला को उसके 56,100 रुपये वापस मिल गए। पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़िता ने राहत की सांस ली और साइबर थाना की टीम के प्रति आभार जताया।
जानकारी के अनुसार के.हाट थाना क्षेत्र के कला भवन निवासी फ्रांसिस्का एडलेन, पिता लाजरूस तिर्की के साथ 20 सितंबर 2026 को साइबर फ्रॉड की घटना हुई थी। साइबर अपराधियों ने उनके खाते से 56,100 रुपये की राशि की ठगी कर ली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता ने साइबर थाना पूर्णिया में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस से राशि वापस कराने की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस उपाधीक्षक-सह-थानाध्यक्ष, साइबर थाना पूर्णिया के नेतृत्व में तकनीकी स्तर पर कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि को होल्ड कराया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बुधवार को पूरी 56,100 रुपये की राशि पीड़िता फ्रांसिस्का एडलेन को वापस करा दी गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने आम लोगों से साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। किसी अनजान व्यक्ति के फोन पर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की स्थिति में पीड़ित को बिना देरी किए संबंधित बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराए। पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना जितनी जल्दी दी जाएगी, ठगी की राशि को रोककर वापस कराने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।

