किशनगंज में डालमिया समूह का बड़ा निवेश, 573 करोड़ की सीमेंट परियोजनाओं को मिली स्टेज-1 मंजूरी
किशनगंज,17मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने जा रही है। डालमिया समूह की बड़ी सीमेंट परियोजनाओं को स्टेज-1 क्लीयरेंस मिल गई है। इन परियोजनाओं में कुल 573.76 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश का प्रस्ताव है। इसे बिहार सरकार की औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन प्रयासों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
डालमिया सीमेंट (नॉर्थ ईस्ट) लिमिटेड को किशनगंज में नई सीमेंट इकाई स्थापित करने की स्वीकृति दी गई है। लंबे समय बाद किसी बड़े औद्योगिक समूह द्वारा जिले में इतने बड़े स्तर पर निवेश की पहल की गई है। परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार निवेशकों के लिए बेहतर और अनुकूल माहौल तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत निवेश स्वीकृति प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और तेज बनाया गया है, ताकि उद्योग स्थापित करने में निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार को देश के प्रमुख औद्योगिक राज्यों में शामिल करना है। इसके लिए राज्य में बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के प्रयास लगातार जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किशनगंज जैसे सीमावर्ती और पिछड़े माने जाने वाले जिलों में उद्योगों की स्थापना से क्षेत्रीय असंतुलन कम होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। इससे पलायन की समस्या में भी कमी आने की संभावना है।
उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, डालमिया समूह जैसी बड़ी कंपनी के आने से जिले में सहायक उद्योगों का भी विकास होगा। परिवहन, निर्माण कार्य, होटल व्यवसाय, छोटे व्यापार और स्थानीय बाजारों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। साथ ही सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी ढांचे के विकास को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय व्यापारिक संगठनों और आम लोगों में इस निवेश को लेकर उत्साह का माहौल है। लोगों का मानना है कि यदि परियोजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो आने वाले वर्षों में किशनगंज बिहार के उभरते औद्योगिक जिलों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।



