अपराधबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : दुर्गा मंदिर से धातु की बनी वस्तुओं की चोरी, नामजद आरोपित पर मामला दर्ज

मंदिर में वर्षों से चढ़ाए जा रहे सोने-चांदी के छत्र व टिकली समेत अन्य सामान गायब होने की शिकायत

सहरसा, 10 सितंबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के बलवा हाट थाना क्षेत्र के भोटिया गांव स्थित भगवती दुर्गा मंदिर से धातु की बनी वस्तुओं के चोरी होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव के ही मंदिर पुजारी सुमन कुमार सिंह व स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बलवाहाट थाना में लिखित आवेदन देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। बलवाहाट थानाध्यक्ष राजू कुमार ने नामजद आरोपितों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

आवेदन में बताया गया है की भोटिया वार्ड नंबर दो स्थित मां भगवती दुर्गा मंदिर गांव का प्रमुख धार्मिक स्थल है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा वर्षों से धार्मिक एवं भक्तिभाव के साथ सोने-चांदी का छत्र, टिकली समेत अन्य धातु की वस्तुएं मां भगवती को अर्पित की जाती रही है। लोगों की आस्था और मनोकामना पूरी होने के कारण यहां नियमित रूप से श्रद्धालु पूजा-अर्चना करते हैं।आवेदन में आरोप लगाया गया है कि मंदिर में रखी धातु की बनी कुछ वस्तुएं एवं अन्य सामान गायब हैं। ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने अपने स्तर से मामले की जानकारी जुटाई। आवेदन के अनुसार, गांव के ही कुछ लोगों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि ग्रामीणों को जब इस मामले की जानकारी मिली तो खोजबीन की गई, जिसमें एक छत्र बलवाहाट के एक ज्वेलर्स की दुकान से प्राप्त होने की बात सामने आयी है। कई अन्य छत्र एवं टिकली अभी तक नहीं मिल सका है।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आलोक में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button