त्रिलोकी नाथ प्रसाद। कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम कला के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दे रही है। विभाग की इस पहल के तहत विद्यार्थियों को अपने सपनों को अपनाने और उन्हें पूरा करने में सहायक साबित हो रही है। इस योजना से राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को भी इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए नई दिशा मिल रही है। इस योजना के माध्यम से अबतक कुल 30 विद्यार्थियों को लगभग 19 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है।
इस सहयोग का परिणाम यह है कि चयनित छात्र-छात्राएं आज देश के प्रतिष्ठित कला संस्थानों में फिल्म और कला शिक्षा हासिल कर रहे हैं। इनमें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) तथा सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTII) जैसे प्रमुख संस्थान शामिल हैं। यह योजना आर्थिक मदद देने के साथ- साथ युवाओं को फिल्म एवं कला के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित भी कर रही है।
निगम का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक प्रतिभाशाली छात्रों को मंच मिले और वे फिल्म निर्माण, अभिनय, तकनीकी और अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ सकें। यह पहल राज्य में फिल्म और कला शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


