*गया जी के समग्र विकास को लेकर मुख्यमंत्री से मिले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात कर गया जी जिले की विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने गया जी में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण फ्लाईओवर एवं आरओबी निर्माण परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कुजापी, धनिया बगीचा, डेल्हा–स्टेशन गुमटी नंबर-1 होते हुए बाटा मोड़ टेकारी रोड तक फ्लाईओवर एवं आरओबी निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। इसके अतिरिक्त फल्गु नदी किनारे बोधगया से विष्णुपद होते हुए रामशिला मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण, अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज से गया कॉलेज, गांधी मैदान होते हुए रेलवे स्टेशन तक फ्लाईओवर निर्माण तथा गयाजी–बोधगया एयरपोर्ट से कृषि उत्पादन बाजार समिति तक फ्लाईओवर निर्माण के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने गया जी की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन महत्ता को ध्यान में रखते हुए विष्णुपद मंदिर कॉरिडोर के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर को काशी विश्वनाथ एवं महाकाल कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाना चाहिए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। साथ ही बोधगया कॉरिडोर निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में गया जी अंतर्गत प्रस्तावित मगध टाउनशिप परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने, बोधगया मठ परिसर में पटना म्यूजियम की तर्ज पर आधुनिक लाइट एंड साउंड शो सहित संग्रहालय निर्माण तथा गया जी जिले में औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
माननीय मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि गया जी जिले से संबंधित इन सभी विकास योजनाओं पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सके।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
