ताजा खबर

*डिस्कॉम के करीब 2,000 अधिकारी-कर्मियों ने अपने घरों में लगवाए रूफटॉप सोलर प्लांट, आम लोगों को भी कर रहे जागरूक*

सौर ऊर्जा अपनाने में जनभागीदारी से ही साकार होगा स्वच्छ ऊर्जा का लक्ष्य : ऊर्जा मंत्री*

*मुख्यालय से लेकर सर्किल एवं डिविजन स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी स्वयं सौर ऊर्जा अपनाकर बन रहे प्रेरणास्रोत*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना* । बिहार में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में ऊर्जा विभाग लगातार प्रयासरत है। इसी कड़ी में राज्य की दोनों विद्युत वितरण कंपनियों- नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) और साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) के करीब 2,000 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने अपने घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करवाए हैं। मुख्यालय से लेकर सर्किल, डिविजन एवं क्षेत्रीय स्तर तक के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी स्वयं सौर ऊर्जा अपनाने के साथ-साथ आम उपभोक्ताओं को भी इसके लिए जागरूक और प्रेरित कर रहे हैं।

ऊर्जा विभाग का उद्देश्य पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को केवल एक सरकारी योजना तक सीमित न रखकर इसे जनभागीदारी का व्यापक अभियान बनाना है। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वयं रूफटॉप सोलर अपनाने से आम उपभोक्ताओं के बीच भी योजना के प्रति विश्वास बढ़ रहा है। अपने अनुभवों के माध्यम से वे लोगों को सौर ऊर्जा के फायदे, सरकारी अनुदान, आवेदन प्रक्रिया और बिजली बिल में होने वाली बचत की जानकारी दे रहे हैं।

माननीय ऊर्जा मंत्री श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की जरूरत है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के माध्यम से आम परिवारों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा अपनाने का अवसर मिल रहा है। ऊर्जा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों का स्वयं आगे आकर अपने घरों में रूफटॉप सोलर लगवाना एक सकारात्मक पहल है। स्वच्छ ऊर्जा के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वयं उदाहरण बनकर अधिक से अधिक लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड श्री अजय यादव (भा.प्र.से.) ने कहा कि रूफटॉप सोलर के विस्तार में विद्युत क्षेत्र से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। मुख्यालय से लेकर सर्किल एवं डिविजन स्तर तक सभी कर्मी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जब विभाग के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं सौर ऊर्जा अपनाते हैं, तो आम उपभोक्ताओं के बीच भी इसका सकारात्मक संदेश जाता है। उन्होंने NBPDCL एवं SBPDCL के साथ-साथ बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (BSPTCL), बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (BSPGCL) तथा बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (BSPHCL) के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी अपने घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लगवाने और अपने आसपास के लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित करने का विशेष आह्वान किया।

*योजना के तहत मिल रहा अधिकतम ₹98,000 तक का अनुदान*

भारत सरकार द्वारा स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी लाने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। बिहार में इस योजना के अंतर्गत लगभग 5 लाख घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित है। योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए NBPDCL एवं SBPDCL द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

योजना के अंतर्गत घरेलू उपभोक्ताओं को भारत सरकार की ओर से अधिकतम ₹78,000 तक की केंद्रीय वित्तीय सहायता (CFA) तथा बिहार सरकार की ओर से अधिकतम ₹20,000 तक की अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता (SFA) उपलब्ध कराई जा रही है। इस प्रकार पात्र उपभोक्ता अधिकतम ₹98,000 तक के अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

रूफटॉप सोलर प्लांट की क्षमता के अनुसार अनुदान का विवरण इस प्रकार है:

*रूफटॉप सोलर क्षमता| केंद्रीय वित्तीय सहायता| राज्य वित्तीय सहायता| कुल अनुदान*
1 किलोवाट| ₹30,000| ₹10,000| ₹40,000

2 किलोवाट| ₹60,000| ₹20,000| ₹80,000

3 किलोवाट अथवा अधिक| ₹78,000| ₹20,000| ₹98,000

*बिजली बिल में कमी के साथ अधिशेष बिजली का भी मिलेगा लाभ*

रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित होने से घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आती है। सोलर प्लांट से उत्पादित अतिरिक्त बिजली का समायोजन नेट मीटरिंग के माध्यम से बिजली बिल में किया जाता है। योजना के तहत अनुदान की राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त पात्र उपभोक्ताओं के लिए रियायती ब्याज दर पर बिना किसी अतिरिक्त संपार्श्विक गारंटी (Collateral-free) बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध है।

रूफटॉप सोलर की स्थापना से न केवल उपभोक्ताओं के बिजली खर्च में कमी आती है, बल्कि स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा मिलता है। इससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में मदद मिलेगी। यह पहल राष्ट्रीय नेट जीरो उत्सर्जन लक्ष्य की प्राप्ति तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषणमुक्त पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

ऊर्जा विभाग की यह पहल बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार, घरेलू उपभोक्ताओं को आर्थिक रूप से लाभान्वित करने और हरित बिहार के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Back to top button