बिहार में 25 जनवरी से शुरू होगी जनगणना : डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल
10 से 24 जनवरी तक स्व-जनगणना का विकल्प राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के जनगणना कोषांग ने शुरू की तैयारी
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना। बिहार में जनगणना-2027 को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। राज्य में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना की जाएगी। इस बार आम लोगों को जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी का एक अतिरिक्त विकल्प भी मिलेगा। प्रगणकों के घर पहुंचने से पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी तक नागरिक स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के माननीय मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में पत्रकारों को संबोधित करते हुए इसकी जानकारी दी।
माननीय मंत्री ने बताया कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय, नई दिल्ली की अधिसूचना के आलोक में बिहार में जनगणना का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस महत्वपूर्ण कार्य के सफल संचालन की जिम्मेदारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के जनगणना कोषांग को सौंपी गई है।
उन्होंने बताया कि जनगणना के तहत निर्धारित अवधि में प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या से संबंधित आवश्यक जानकारियां एकत्र करेंगे। इसके पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्व-जनगणना का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से लोग स्वयं अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।


