अपराधबिहारब्रेकिंग न्यूज़

सहरसा : जिले के बख्तियारपुर थाना पुलिस ने नगर परिषद क्षेत्र में छापेमारी कर कोडीनयुक्त कफ सिरप और पिस्टल बरामद किया

आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार,पूर्व में भी कफ सिरप तस्करी मामले में जा चुका है जेल

सहरसा, 11 अक्टूबर (के.स.)। अजय कुमार, जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सैनी टोला स्थित वार्ड संख्या 21 में शनिवार की देर रात पुलिस ने छापेमारी कर एक घर से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 19 बोतलें और एक पिस्टल बरामद की है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपित युवक मौके से फरार हो गया। उसकी पहचान सैनी टोला निवासी कारीलाल साह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

इस संबंध में बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि शनिवार की देर रात थाना में पदस्थापित डायल 112 की पुलिस के पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार सिंह को गश्ती के दौरान सूचना मिली कि सैनी टोला के वार्ड संख्या 21 निवासी सूरज कुमार अपने घर में कोडीनयुक्त कफ सिरप रखे हुए है। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम आरोपित के घर पहुंची और उसकी घेराबंदी की।

इसी दौरान पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही सूरज कुमार अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने घर खुलवाकर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में घर की छत पर जाने वाली सीढ़ी के समीप से कोडीनयुक्त कफ सिरप की 19 बोतलें और एक पिस्टल बरामद की। पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हथियार के साथ वीडियो भी हो चुका है वायरल

थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि सूरज कुमार के फेसबुक आईडी से पूर्व में हथियार के साथ एक वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। उक्त वीडियो में हथियार रखकर पूजा-अर्चना किए जाने और उस पर प्रसाद चढ़ाए जाने की बात सामने आई थी। पुलिस इस मामले को भी गंभीरता से ले रही है।

पूर्व में भी कफ सिरप तस्करी मामले में जा चुका है जेल

थानाध्यक्ष के अनुसार, सूरज कुमार पूर्व में भी कफ सिरप तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। ताजा मामले में उसके घर से कफ सिरप और पिस्टल बरामद होने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button