सहरसा : युवा क्रांति सेवा फाउंडेशन द्वारा आयोजित सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल रक्तदान शिविर में 10 युवाओं ने रक्तदान किया

सहरसा, 11 जून (के.स.)। अजय कुमार, जिले में रक्त की कमी को देखते हुए सामाजिक संगठन युवा क्रांति सेवा फाउंडेशन की ओर से रविवार 11 अक्टूबर 2026 को अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता की सेवा के उद्देश्य से रक्तदान किया। इस शिविर में कुल 10 युवाओं ने रक्तदान किया।
रक्त की आवश्यकता किडनी के मरीजों के डायलिसिस, एनीमिया, थैलेसीमिया, कैंसर, प्रसूति के दौरान महिलाओं, दुर्घटनाओं में घायल लोगों तथा विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन के समय पड़ती है। ऐसे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा क्रांति सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक बिमलेश कुमार भगत लगातार सोशल मीडिया और रक्तदान जागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
रविवार को आयोजित रक्तदान शिविर में रवि जायसवाल, रितेशवीर जायसवाल, नितेश कुमार, सुमित गुप्ता, मुकेश केशरी, आदित्य कुमार, अजीत चौधरी, श्रवण कुमार, संतोष बढ़ई और दीपक राज ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने की मुहिम में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर युवा क्रांति सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक बिमलेश कुमार भगत ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का एक महान कार्य है। रक्तदाता अपने रक्तदान से किसी अनजान व्यक्ति को भी नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रक्त की कमी के कारण किसी जरूरतमंद मरीज को परेशानी न हो, इसके लिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक होना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे रक्तदान के इस पुनीत कार्य में आगे आएं और जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए नियमित रूप से आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों में भाग लें।



