सहरसा : शारदीय नवरात्र को लेकर बख्तियारपुर पुलिस चौकस, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) करेगी श्रद्धालुओं की सुरक्षा

सहरसा, 11 अक्टूबर (के.स.)। अजय कुमार, शारदीय नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही नगर क्षेत्र में चहल-पहल बढ़ गई है। पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। वहीं, नवरात्र को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बख्तियापुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के साथ ही पुलिस प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले इलाकों पर विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र के तीन प्रमुख दुर्गा मंदिरों में पुलिस बल की तैनाती की गई है। इनमें मुख्य बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर, रेलवे दुर्गा मंदिर और पुरानी बाजार स्थित बड़ी दुर्गा मंदिर शामिल हैं। इन तीनों मंदिरों में पुलिस पदाधिकारियों के साथ दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। तैनात पुलिसकर्मी मंदिरों में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय रहेंगे।
आने वाले दिनों में बढ़ाई जाएगी पुलिस बल की संख्या
थानाध्यक्ष ने बताया कि नवरात्र के शुरुआती दिनों से ही सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आने वाले एक-दो दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की संख्या और बढ़ाई जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों पर निगरानी रखने के साथ आवश्यकतानुसार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
आपात स्थिति से निपटने के लिए गठित होगी क्यूआरटी टीम
नवरात्र के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) का भी गठन किया जा रहा है। यह टीम किसी भी तरह की समस्या या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की समस्या होने पर लोग पुलिस से संपर्क कर सकें। पुलिस प्रशासन पर्व के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सतर्क है। मंदिरों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि शारदीय नवरात्र का पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।



