किशनगंज : कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर POSH एक्ट पर प्रशिक्षण

किशनगंज, 11 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में POSH एक्ट-2013 पर प्रशिक्षण-सह-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीएम लोक शिकायत, एडीएम विभागीय जांच, एसडीएम किशनगंज, श्रम अधीक्षक एवं उप निर्वाचन पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला प्रोग्राम पदाधिकारी सह नोडल पदाधिकारी, महिला एवं बाल विकास निगम, किशनगंज अंकिता सिंह ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
प्रशिक्षण के दौरान UMS बेलवा, काशीपुर की शिक्षिका कुमारी गुड्डी ने POSH एक्ट-2013 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा महिलाओं के अधिकारों के संबंध में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि कानून का उद्देश्य महिलाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और लैंगिक रूप से संवेदनशील कार्य वातावरण तैयार करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रोग्राम पदाधिकारी अंकिता सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। POSH एक्ट के प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाकर कार्यस्थल पर सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जा सकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कानून के प्रावधानों को समझने और उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम का मंच संचालन महिला पर्यवेक्षिका प्रीति कुमार ने किया। अंत में जिला मिशन समन्वयक शाहनवाज आलम ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न कार्यालयों के प्रधान, जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा, लेखा सहायक बसंत कुमार शर्मा, वन स्टॉप सेंटर की केस वर्कर टुम्पा दास, अशोक, श्यामा कुमारी सहित संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।



