किशनगंज : स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, एक सप्ताह में HRP डेटा दुरुस्त करने का निर्देश

किशनगंज, 11 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, अनीमिया मुक्त भारत अभियान, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (NCD), नशा मुक्ति केंद्र तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं की समीक्षा की गई। हडीएम ने निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (HRP) के आंकड़ों की स्थिति पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर HRP का अद्यतन एवं वास्तविक डेटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसी गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी और प्रभावी फॉलोअप सुनिश्चित करने को कहा। संभावित प्रसव तिथि से दो दिन पहले HRP गर्भवतियों को सदर अस्पताल भेजने का निर्देश दिया, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा मिल सके।
अनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी विद्यालयों में AMB टैबलेट की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने दवा वितरण और सेवन की निगरानी के लिए BEO एवं MOIC की मासिक बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। Gardasil एवं Cervavac टीकाकरण का निर्धारित लक्ष्य एक सप्ताह में पूरा करने को भी कहा गया।
NCD कार्यक्रम में दैनिक लक्ष्य हर हाल में पूरा करने, मरीजों की समय पर जांच, उपचार और फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। AMB के दैनिक लक्ष्यों की भी नियमित निगरानी करने को कहा गया।
सदर अस्पताल परिसर स्थित नशा मुक्ति केंद्र को नियमित रूप से क्रियाशील रखने पर जोर देते हुए डीएम ने नशे से प्रभावित लोगों की पहचान कर उन्हें केंद्र में भर्ती कराने, उपचार, काउंसिलिंग एवं आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
पीएचसी स्तर पर दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, नियमित OPD, आवश्यक जांच, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में डीडीसी, सिविल सर्जन, डीपीएम, डीएस, एमओआईसी, जीविका डीपीएम सहित चिकित्सक एवं कर्मी मौजूद थे।



