किशनगंज में धूमधाम से मना राष्ट्रीय एकता दिवस, पुलिस प्रतिष्ठानों में गूंजा एकता और अखंडता का संदेश
पुलिस सभागार से लेकर थानों तक बड़े पर्दे पर देखा गया एकता परेड-2026 का सीधा प्रसारण, युवाओं, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

किशनगंज, 31 अक्टूबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को जिलेभर में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण किशनगंज पुलिस के विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं थानों में बड़े स्क्रीन और प्रोजेक्टर के माध्यम से किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं और स्कूली छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम पुलिस सभागार किशनगंज में आयोजित हुआ, जहां पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की उपस्थिति में पुलिस उपाधीक्षक साइबर, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ शहर के आम नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों और स्कूली विद्यार्थियों ने एकता परेड का लाइव प्रसारण देखा। बड़े पर्दे पर आयोजित परेड के प्रसारण को उपस्थित लोगों ने उत्साह के साथ देखा। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने राष्ट्रीय एकता दिवस की जिला वासियों को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम में शामिल होकर परेड का सीधा प्रसारण देखने के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिले के अन्य पुलिस प्रतिष्ठानों में भी राष्ट्रीय एकता दिवस पर विशेष आयोजन किए गए। पुलिस केंद्र किशनगंज में पुलिस उपाधीक्षक रक्षित, पुलिस कार्यालय में पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, किशनगंज थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 तथा ठाकुरगंज थाना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-02 की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित हुआ। वहीं, बहादुरगंज थाना परिसर में अंचल पुलिस निरीक्षक बहादुरगंज के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिले के अन्य सभी थानों में संबंधित थानाध्यक्षों की अगुवाई में पुलिस पदाधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने एकता परेड का सीधा प्रसारण देखा।
इस दौरान उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए जाति, धर्म और वर्ग के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में एकजुट रहने की अपील की गई। वक्ताओं ने आपसी सद्भाव, शांति, सौहार्द और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाने पर जोर दिया। साथ ही देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया गया। पुलिस प्रशासन ने सभी से एक मजबूत, शांतिपूर्ण और समरस समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। जिलेभर में आयोजित इस कार्यक्रम ने राष्ट्रीय एकता के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया।



