किशनगंज : राष्ट्रीय पोषण माह का वर्चुअल शुभारंभ, 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

किशनगंज, 09 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से बुधवार को राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में किशनगंज जिला प्रशासन ने भी वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। जिले में 9 सितंबर से 8 अक्टूबर तक पोषण माह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पोषण को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए समाज कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, जीविका, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, नगर विकास एवं आवास सहित अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से पोषण संबंधी गतिविधियों को अभियान के रूप में संचालित करेंगे।
इस वर्ष पोषण माह के तहत ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संकल्प के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण एवं बाल विकास गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने पर विशेष जोर रहेगा। केंद्रों पर आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन युक्त पोषण आहार तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध ताजा और पौष्टिक खाद्य पदार्थों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही सामुदायिक सहभागिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए भी कार्यक्रम होंगे।
अभियान के दौरान बच्चों के पोषण एवं प्रारंभिक उद्दीपन, उनके शारीरिक और मानसिक विकास, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र लाभार्थियों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जाएगी।
आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों, स्वास्थ्य संस्थानों, पंचायतों और सामुदायिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ अभियान को प्रभावी और परिणामोन्मुखी बनाने का निर्देश दिया है।



