District Adminstrationकिशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कनकई नदी के कटाव से महेशबथाना-लौचा सड़क क्षतिग्रस्त, एसडीओ व आरडब्ल्यूडी अभियंता ने किया निरीक्षण

किशनगंज, 09 सितंबर (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, कनकई नदी की बदलती धारा और कटाव के कारण महेशबथाना-लौचा आरडब्ल्यूडी सड़क का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क की स्थिति एवं आवागमन में उत्पन्न हो रही परेशानी को देखते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज एवं ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) किशनगंज-1 के कार्यपालक अभियंता ने स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क की वर्तमान स्थिति, नदी के कटाव तथा आवागमन पर पड़ रहे प्रभाव का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार कनकई नदी के धारा परिवर्तन एवं मेन्डरिंग के कारण सड़क की संरचना प्रभावित हुई है। नदी की बदलती धारा के साथ लगातार हो रहे कटाव से सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थल निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी सामने आई कि पूर्व के वर्षों में कनकई नदी के कटाव एवं बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए बाढ़ संघर्ष (फ्लड फाइटिंग) का कार्य एफसीडी द्वारा कराया गया था। वर्तमान स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने क्षेत्र का विस्तृत आकलन कर आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डीएम के निर्देश पर ग्रामीण कार्य विभाग सड़क की स्थिति का तकनीकी आकलन करेगा। साथ ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़क को यथासंभव मोटरेबल और आवागमन योग्य बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

प्रशासन द्वारा कनकई नदी के बदलते प्रवाह और कटाव की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सड़क एवं आसपास की आबादी पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए जरूरत के अनुसार संबंधित विभागों के समन्वय से सुरक्षात्मक और पुनर्स्थापनात्मक कार्य कराए जाएंगे।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button