किशनगंजठाकुरगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पौआखाली : वार्ड 4 की बदहाल सड़क बनी हादसों का सबब, नगर पंचायत की बेरुखी से जनता में नाराजगी

किशनगंज, 09 जुलाई (के.स.)। फ़रीद अहमद, नगर पंचायत पौआखाली के वार्ड संख्या-04 की मुख्य सड़क इन दिनों प्रशासनिक अनदेखी का जीता-जागता उदाहरण बनी हुई है। लंबे समय से मेंटेनेंस न होने के कारण यह मार्ग पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं, जिससे इस मार्ग पर सफर करना किसी खतरे से खाली नहीं रह गया है।

लोगों का कहना है कि मानसून के दौरान इस मार्ग की स्थिति और भी ज्यादा डरावनी हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने के कारण गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे खासकर दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को झेलनी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना इसी दलदल भरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है।

सड़क की इस दयनीय हालत के कारण एम्बुलेंस, ई-रिक्शा और अन्य आवश्यक वाहनों का यहाँ से गुजरना दूभर हो गया है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुँचाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

वार्डवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस समस्या को गंभीरता से लें। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इस सड़क का तकनीकी सर्वे कराकर नए सिरे से गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए। स्थानीय लोगों का स्पष्ट कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया, तो यहाँ कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

अब देखना यह है कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाला नगर प्रशासन इस सुलगती समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है और वार्ड नंबर 4 के निवासियों को इस नारकीय स्थिति से कब तक मुक्ति मिलती है।

Related Articles

Back to top button