किशनगंज : अवैध बालू परिवहन पर खनन विभाग की कार्रवाई, किशनगंज ब्लॉक के पास ट्रैक्टर जब्त

किशनगंज, 30 सितंबर (के.स.)। फ़रीद अहमद, जिले में अवैध खनन एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर बुधवार को दोपहर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान किशनगंज ब्लॉक के समीप अवैध रूप से बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा गया।
इस संबंध में जिला खान निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खनन विभाग की टीम द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध छापेमारी की गई थी। इसी क्रम में किशनगंज ब्लॉक के पास एक ट्रैक्टर को बालू का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
कार्रवाई के दौरान खनन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसके साथ ही ट्रैक्टर चालक को भी हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए किशनगंज थाना को सुपुर्द कर दिया गया। विभाग द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को देते हुए नियमानुसार कार्रवाई शुरू कराई गई है।
जिला खान निरीक्षक सुनील कुमार के अनुसार, मामले में ट्रैक्टर मालिक एवं चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। विभाग द्वारा वाहन से संबंधित दस्तावेजों एवं बालू के परिवहन की वैधता की जांच भी कार्रवाई के क्रम में की जा रही है।
अवैध खनन के खिलाफ लगातार अभियान
जिले में बालू के अवैध खनन, परिवहन एवं बिना वैध अनुमति के खनिज पदार्थों की ढुलाई को लेकर खनन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को अवैध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बालू के अवैध खनन और परिवहन की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में खनन विभाग की ओर से की जा रही छापेमारी को अवैध कारोबार पर रोक लगाने की कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, नियमों का उल्लंघन कर खनिज पदार्थों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। किशनगंज ब्लॉक के पास पकड़े गए ट्रैक्टर के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस एवं संबंधित विभाग द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।



