राजस्व सेवा के दो अधिकारियों को अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी के पद पर प्रोन्नति
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/पटना : राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में बिहार राजस्व सेवा संवर्ग के दो अधिकारियों को उच्चतर दायित्व सौंपा है। विभाग ने शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दोनों अधिकारियों को अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड का कार्यकारी प्रभार प्रदान किया है। यह व्यवस्था अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
विभागीय अधिसूचना के अनुसार, अमर कुमार शर्मा, जो वर्तमान में सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, बंदोबस्त कार्यालय, शेखपुरा में कार्यरत हैं, को अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी के पद का कार्यकारी प्रभार दिया गया है। वहीं प्रदीप कुमार, जो वर्तमान में अंचल अधिकारी, महनार ,वैशाली के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें भी अनुमंडल राजस्व पदाधिकारी एवं समकक्ष ग्रेड का कार्यकारी प्रभार सौंपा गया है।अधिसूचना में कहा गया है कि दोनों अधिकारी अपने वर्तमान पद के दायित्वों के साथ-साथ उच्चतर पद की जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करेंगे। कार्यकारी प्रभार की अवधि में उन्हें विभागीय नियमों एवं प्रचलित प्रावधानों के अनुरूप उच्चतर पद का वेतनमान तथा अन्य सेवा लाभ भी उपलब्ध होंगे।

