ठाकुरगंज बहादुरगंज रूट पर ओवरलोड बालू लदे डंपरों का हाईवे पर तांडव

किशनगंज, 11 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, जिले के ठाकुरगंज-बहादुरगंज मुख्य मार्ग एनएच 327 ई पर इन दिनों बालू से लदे ओवरलोड डंपरों का परिचालन लगातार जारी है। लोगों का आरोप है कि क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे भारी वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए खतरा बने हुए हैं, बल्कि इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है।
सूत्रों के अनुसार, इस मार्ग पर बड़ी संख्या में ओवरलोड बालू लदे वाहन मौके मिलते ही गुजर रहे हैं। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़कों की स्थिति प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है वहीं सरकारी राजस्व को भी भारी क्षति हो रही है।
वहीं, चर्चा है कि कथित तौर पर कुछ इंट्री माफिया से जुड़े तत्व ओवरलोड वाहनों को निर्बाध रूप से गुजरवाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और खनन विभाग से ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ-साथ राजस्व हानि और दुर्घटनाओं की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं।
नोट: इंट्री माफिया या किसी व्यक्ति की संलिप्तता संबंधी दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की आधिकारिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



