अररिया प्रखंड के ग्राम पंचायत बेलवा में Zero Office Day का किया गया आयोजन

अररिया (अब्दुल कैय्युम)।विभागीय निर्देशानुसार दिनांक 10 एवं 11 जून 2026 को पूरे राज्य में “Zero Office Day” अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज अररिया जिला अंतर्गत अररिया प्रखंड के ग्राम पंचायत बेलवा में Zero Office Day अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
अभियान के अनुश्रवण के क्रम में उप विकास आयुक्त, अररिया श्रीमती रोजी कुमारी द्वारा अभियान में भाग लिया गया तथा स्थल पर उपस्थित ग्रामीणों एवं मनरेगा कर्मियों को अभियान के उद्देश्यों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले वैसे वयस्क व्यक्तियों की पहचान एवं सत्यापन करना है, जो मनरेगा के अंतर्गत कार्य करने के इच्छुक हैं, किन्तु किसी कारणवश उनका जॉब कार्ड अब तक निर्गत नहीं हो सका है। ऐसे सभी पात्र आवेदकों का सत्यापन कर उनका जॉब कार्ड निर्गत किया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त, पूर्व से निबंधित एवं e-KYC हेतु लंबित मजदूरों का e-KYC भी इस अभियान के माध्यम से कराया जा रहा है, ताकि उन्हें मनरेगा की विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा सके।
इस अवसर पर जिला अंकेक्षण प्रबंधक, संबंधित पंचायत प्रतिनिधि, मनरेगा कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस क्रम में सभी पात्र लाभुकों से अपील की गई कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए जॉब कार्ड निर्माण एवं e-KYC की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।



