ठाकुरगंज : बारिश के बाद NH-327E का सर्विस रोड धंसा, हादसे की आशंका से सहमे लोग

किशनगंज, 10 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह/फ़रीद अहमद, बहादुरगंज-ठाकुरगंज मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-327ई) पर बुधवार को एक गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई, जब जीरनगाछ टोल प्लाजा से पहले मंगली चौक के समीप हाईवे का सर्विस रोड धंस गया। एक रात की बारिश के बाद सड़क पर गहरी दरारें पड़ गईं और बड़ा गड्ढा बन जाने से स्थानीय लोगों तथा वाहन चालकों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सड़क धंसने के बाद घंटों तक मौके पर किसी प्रकार की बैरिकेडिंग या चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ गई। विशेष रूप से रात के समय दोपहिया वाहन चालकों और छोटे वाहनों के लिए यह स्थान बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। स्थानीय लोगों ने स्वयं पहल करते हुए सड़क पर ईंट-पत्थर रखकर आने-जाने वाले लोगों को सतर्क करने का प्रयास किया।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित यह राष्ट्रीय राजमार्ग महज दो-तीन वर्षों के भीतर ही क्षतिग्रस्त होने लगा है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण एक रात की बारिश में ही सर्विस रोड धंस गया। उन्होंने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी ठेकेदारों और संबंधित इंजीनियरों पर कार्रवाई की मांग की है।
यह मार्ग ठाकुरगंज, पौआखाली और बहादुरगंज को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सर्विस रोड धंसने के कारण यातायात का दबाव मुख्य सड़क पर बढ़ गया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और जाम की स्थिति बनने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और जिला प्रशासन से तत्काल सुरक्षा घेरा लगाने, चेतावनी संकेत स्थापित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत शुरू करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा।
इधर, जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले की जांच कराई जाएगी और आवश्यकतानुसार उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, समाचार लिखे जाने तक एनएचएआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।



