अपराधकिशनगंजगिरफ्तारीतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज, 05 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नवगठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 95 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 4,190 रुपये नकद, एक डिजिटल तराजू और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में यह कार्रवाई कोचाधामन थाना क्षेत्र के रहमतपाड़ा चौक स्थित एक मेडिकल दुकान में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त दुकान की आड़ में लंबे समय से मादक पदार्थों का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद एएनटीएफ एवं जिला आसूचना इकाई की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस ने रहमतपाड़ा निवासी एहसान दानिश, पश्चिमपाली निवासी रैयान, मो. अकरम तथा मस्जिदगढ़ निवासी मिथुन कुमार पासवान को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से कुल 95 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने लंबे समय से मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान करने तथा बरामद हेरोइन के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। साथ ही तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों का पता लगाकर उन्हें जब्त करने की भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस संबंध में कोचाधामन थाना कांड संख्या 301/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एहसान दानिश के खिलाफ वर्ष 2022 में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।
छापेमारी दल में एएनटीएफ प्रभारी राजू कुमार, जिला आसूचना इकाई प्रभारी मो. मुश्ताक, सोना कुमार, कृष्णा कुमार, प्रिंस कुमार, मो. रेहान अहमद समेत एएनटीएफ, आसूचना इकाई और स्थानीय थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि नशा मुक्त किशनगंज के संकल्प के साथ मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। आम नागरिक एएनटीएफ हेल्पलाइन नंबर 9031816150 पर सूचना देकर पुलिस की मदद कर सकते हैं। सूचनादाताओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!