किशनगंज में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण, बेहतर पुलिसिंग पर दिया गया जोर

किशनगंज,22मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशानुसार जिले के सभी थानों में प्रतिदिन रोल कॉल की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से कराई जा रही है। इसका उद्देश्य पुलिस बल को अद्यतन जानकारी देना, उनकी समस्याओं को सुनना तथा दिनभर के कार्यों की रूपरेखा तैयार करना है।
इसी क्रम में शुक्रवार को खगड़ा ग्राउंड में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार द्वारा किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की अनुशासन व्यवस्था, वर्दी, शारीरिक दक्षता एवं परेड की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
एसपी ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए प्रत्येक कर्मी को जिम्मेदारी एवं सजगता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि अनुशासित एवं सक्षम पुलिस बल ही कानून-व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु सिपाहियों के परेड एवं अन्य प्रशिक्षण गतिविधियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए प्रशिक्षकों एवं प्रशिक्षु सिपाहियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान शारीरिक दक्षता, व्यवहारिक कौशल और अनुशासन को और बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
एसपी संतोष कुमार ने कहा कि किशनगंज पुलिस द्वारा आधुनिक एवं पेशेवर पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। नियमित रोल कॉल, परेड निरीक्षण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस बल को अधिक सक्रिय, अनुशासित एवं दक्ष बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।



