District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी जिला परिषद कार्यालय में जमे हैं जिला अभियंता, उठे सवाल

किशनगंज,15मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला परिषद किशनगंज में कार्यरत जिला अभियंता सुनील कुमार सिंह का कार्यकाल 31 मार्च 2026 को समाप्त हो जाने के बावजूद उनके अब तक कार्यालय में कार्यरत रहने को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामला सामने आने के बाद जिला परिषद की कार्यप्रणाली और योजनाओं की निगरानी व्यवस्था पर भी चर्चा तेज हो गई है।

जानकारी के अनुसार कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी जिला अभियंता लगातार जिला परिषद कार्यालय में बैठकर विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित फाइलों का निपटारा कर रहे हैं। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि जिले में संचालित कई योजनाओं की अद्यतन जानकारी तक जिला अभियंता को नहीं है, बावजूद इसके योजनाओं की फाइलों का निष्पादन किया जा रहा है।

किशनगंज जिले के सात प्रखंडों और 18 जिला परिषद सदस्यों के क्षेत्रों में विभिन्न विकास योजनाएं संचालित हैं। इनमें छठ घाट निर्माण, कब्रिस्तान घेराबंदी सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार कई योजनाओं में कौन संवेदक कार्य कर रहा है तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 में किन योजनाओं का भुगतान किया गया है, इसकी स्पष्ट जानकारी भी जिला अभियंता के पास नहीं है।

ऐसे में कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी योजनाओं की फाइलों की देखरेख और प्रशासनिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका को लेकर जांच की मांग उठने लगी है। चर्चा है कि सेवा विस्तार को लेकर जिला अभियंता द्वारा पटना स्तर पर प्रयास भी किए गए, लेकिन अब तक सेवा विस्तार नहीं मिल सका है।

वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि कार्यकाल समाप्त होने के बाद अब तक किसी अन्य विभाग के अभियंता को प्रभार क्यों नहीं सौंपा गया। इसे लेकर जिला परिषद प्रशासन की कार्यशैली पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

मामले में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि फैयाज आलम ने कहा कि जिला अभियंता का सेवा विस्तार नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिनों के भीतर किसी अन्य विभाग के अभियंता को प्रभार सौंप दिया जाएगा, ताकि योजनाओं का कार्य प्रभावित न हो।

अब देखना होगा कि जिला परिषद प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और कार्यकाल समाप्त होने के बाद कार्यालय में कार्यरत रहने के पूरे मामले की जांच होती है या नहीं।

इस संबंध में उप विकाश आयुक्त प्रदीप कुमार झा ने बताया कि जिला अभियंता का कार्यकाल 31 मार्च 2026 को ही समाप्त हो गया है। किसी भी फाइल का निष्पादन जिला अभियंता के द्वारा नही कराया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!