झारखंडी कलाकारों को मिले उचित मंच और सम्मान : शिल्पी नेहा तिर्की

रांची 12 मई : झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री नेहा शिल्पी तिर्की ने कहा है कि झारखंडी कलाकारों में असीम प्रतिभा है और जरूरत केवल उन्हें उचित मंच, सम्मान और प्रोत्साहन देने की है, ताकि उनकी कला राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना सके। मंगलवार को मंत्री छात्रावास की छात्राओं के साथ नागपुरी फिल्म सेरेंग देखने पहुँचीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि छात्राओं के साथ फिल्म देखने का अनुभव बेहद भावनात्मक और उत्साहपूर्ण रहा। छात्राओं के चेहरे पर खुशी, झारखंडी कला-संस्कृति के प्रति उनका जुड़ाव और अपनी भाषा पर गर्व देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई।मंत्री ने कहा कि झारखंड के कलाकार अपनी मेहनत, संघर्ष और मिट्टी से जुड़ी कहानियों को बड़े पर्दे पर जीवंत कर रहे हैं। क्षेत्रीय भाषाएं, लोककला, संगीत और संस्कृति ही राज्य की असली पहचान हैं। इन्हें संरक्षित करना और कलाकारों को सम्मान देना हर झारखंडवासी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के सम्मान, कल्याण और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। वर्ष 2025-26 में सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण पहलें की गई हैं। इनमें संगीत-नाटक अकादमी का गठन, कलाकारों के लिए ₹5 लाख तक की बीमा योजना और बुजुर्ग एवं अस्वस्थ कलाकारों के लिए ₹4,000 मासिक पेंशन योजना शामिल है। मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य झारखंड की कला, भाषा और संस्कृति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है, ताकि राज्य के कलाकारों को वह पहचान और सम्मान मिल सके, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं।