किशनगंज पुलिस का विशेष अभियान: एक सप्ताह में 46 गिरफ्तार, अंतरराज्यीय फर्जी आधार गिरोह का सरगना भी दबोचा
किशनगंज,06अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों, वारंटियों, मोटरसाइकिल चोरों, अवैध बालू तस्करों, अवैध शराब एवं मादक पदार्थ तस्करों, मवेशी तस्करों तथा फर्जी प्रमाण पत्र और अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन जांच अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा 30 मार्च 2026 से 05 अप्रैल 2026 तक चलाए गए साप्ताहिक अभियान के दौरान कुल 46 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान फर्जी प्रमाण पत्र एवं अवैध तरीके से आधार कार्ड बनाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना सहित अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली है।
वाहन जांच अभियान के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए 9,78,225 रुपये की शमन राशि वसूली गई।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 102 लीटर देशी शराब और 31.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा 07 वाहन (ट्रक, ट्रैक्टर और पिकअप), 02 मोटरसाइकिल एवं साइकिल, 06 मोबाइल फोन तथा 49 मवेशी जप्त किए गए।
इसके अतिरिक्त फर्जी दस्तावेज तैयार करने में प्रयुक्त 02 लैपटॉप, 01 मॉनिटर, 01 सीपीयू, 01 कीबोर्ड, 01 माउस, 01 लैमिनेशन मशीन, 03 कलर प्रिंटर, 04 थंब फिंगर स्कैनर, 02 चार्जर, 02 कैमरा और 04 मुहर भी बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से 11 बैंक पासबुक, 09 एटीएम कार्ड, 16 आधार कार्ड, 05 चेकबुक तथा करीब 900 अन्य दस्तावेज एवं प्रमाण पत्रों की छायाप्रति भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वांछित अपराधियों, अवैध तस्करों एवं गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चलाती रहेगी।


