

राँची// राजधानी राँची के लापुंग और ईटकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की साजिश को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को दबोचा है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, नाबालिग को डिटेन किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम आशीष उरांव, श्रवण सिंह, सुका उरांव और चारो मिंज बताये गये। इनमें से आशीष उरांव और नाबालिग लापुंग का रहने वाला है। वहीं, बाकी के तीन आरोपी ईटकी के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से अवैध हथियार,जिंदा कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की गई है।
29 मार्च की रात करीब 9 बजे एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि दो युवक बिना नंबर प्लेट की पल्सर बाइक से बेड़ो की ओर से लापुंग जा रहे हैं और उनके पास हथियार है। आशंका थी कि वे किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में टीम गठित की गई। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। इन दोनों में एक नाबालिग भी शामिल था। तलाशी के क्रम में पुलिस ने इनके पास से एक देसी कट्टा और चोरी की बाइक बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते हैं और पहले भी धुर्वा इलाके में वारदात को अंजाम दे चुके हैं। आगे की पछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने हथियार ईटकी थाना क्षेत्र के दो लोगों से खरीदे थे।
इसके बाद गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ईटकी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर हथियार सप्लायर श्रवण सिंह, सुका उरांव और चारो मिंज को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक सिक्सर और एक देसी कट्टा बरामद किया गया है। इस मामले में ईटकी थाना में अलग से कांड दर्ज किया गया है।
बता दे कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी आशीष उरांव पर हत्या, लूट, चोरी, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं हथियार सप्लायर श्रवण सिंह भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में डीएसपी बेड़ो अशोक राम के नेतृत्व में लापुंग, ईटकी, नरकोपी और बेड़ो थाना की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी जारी है। इलाके में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
(पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर..देखे वीडियो)



