झारखण्ड

बलियापुर कांड: मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा एक्शन, SSP को निष्पक्ष जांच का आदेश

धनबाद के बलियापुर में रामनवमी के अवसर पर हुई घटना को लेकर झारखंड सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए धनबाद के एसएसपी से सीधी बात की और स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी कीमत पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए, तभी आगे की कार्रवाई हो। मंत्री जी ने दो टूक कहा कि कानून किसी पार्टी या दबाव में नहीं चलता, और झारखंड में प्रशासन को किसी राजनीतिक दल, विशेषकर भाजपा के इशारे पर काम करने की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि “थाना किसी पार्टी का कार्यालय नहीं है, यह संविधान के अनुसार चलने वाली संस्था है।” उन्होंने यह भी कहा कि एकतरफा कार्रवाई न्याय के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। अगर कोई दोषी है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन सिर्फ एक पक्ष को चुनकर कार्रवाई करना न केवल अन्याय है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी नुकसान पहुंचाने वाला कदम है। मंत्री ने प्रशासन द्वारा एक खास वर्ग के लोगों को सार्वजनिक रूप से परेड कराने पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे मानव गरिमा का खुला उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि “किसी भी नागरिक को इस तरह अपमानित करना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि यह प्रशासन की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।”मंत्री जी ने स्पष्ट किया कि वे किसी गलत व्यक्ति का समर्थन नहीं करते, लेकिन सच्चाई और न्याय के साथ हमेशा खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि “जो गलत है, वह गलत है — लेकिन सही और सच की पहचान बिना निष्पक्ष जांच के नहीं हो सकती। इसलिए जल्दबाजी या पक्षपात से बचते हुए पूरी पारदर्शिता के साथ कार्रवाई की जाए।”अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कहीं भी प्रशासनिक स्तर पर पक्षपात या अन्याय की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!