किशनगंज : मंडल कारा में सजायाफ्ता बंदी की मौत, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
किशनगंज,22मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, मंडल कारा में बंद एक सजायाफ्ता बंदी की शनिवार रात मौत हो गई। मृतक की पहचान कैलाश कामती (60 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के मल्हाबारी गांव का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंदी पूर्व से ही बीमार चल रहा था। शनिवार की रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मंडल कारा से सदर अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि मृतक के विरुद्ध ठाकुरगंज थाना कांड संख्या 37/17 के तहत उत्पाद अधिनियम में मामला दर्ज था और वह उसी मामले में सजा काट रहा था। मंडल कारा के जेल अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि बंदी लंबे समय से बीमार था और सदर अस्पताल के चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि वह कुष्ठ रोग से ग्रसित था।
घटना के बाद मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर सदर बीडीओ कर्मवीर की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा मामले की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



