किशनगंज : गलगलिया में संयुक्त कार्रवाई, 346 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद, एक महिला गिरफ्तार

किशनगंज,21मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गलगलिया थाना पुलिस और एसएसबी भातगांव की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 346 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में सूखा नशा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। अंचल पुलिस निरीक्षक ठाकुरगंज के नेतृत्व में गठित टीम ने सत्यापन के बाद दरभंगिया टोला निवासी पूजा कामती के घर पर छापेमारी की। स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान घर से 346 ग्राम ब्राउन शुगर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी महिला द्वारा अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के साथ अन्य स्थानों पर आपूर्ति भी की जाती थी। बरामदगी के बाद गलगलिया थाना कांड संख्या 32/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अब इस मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। साथ ही, अपराध से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। गिरफ्तार आरोपी पूजा कामती के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं।
इस छापेमारी दल में अंचल पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार पंत, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार समेत गलगलिया थाना के अन्य पुलिसकर्मी एवं एसएसबी भातगांव के जवान शामिल थे।


