किशनगंज में 406.84 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज,15मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोचाधामन थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक वाहन से 406.84 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है तथा एक वाहन को जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 मार्च को धनपुरा पुलिस पिकेट को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक वाहन के माध्यम से अवैध विदेशी शराब को छिपाकर बिहार लाया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन के लिए धनपुरा पिकेट पुलिस द्वारा डेरामारी पंचायत भवन के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रही एक संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान सफेद रंग की टाटा नेक्सोन (रजिस्ट्रेशन नंबर BR01DT0149) से विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 406.84 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल कुमार, पिता चंदन कुमार, निवासी सुखासन थाना सिंघेसर जिला मधेपुरा तथा बमबम कुमार, पिता विष्णुदेव प्रसाद यादव, निवासी सुखासन थाना सिंघेसर जिला मधेपुरा के रूप में हुई है।
इस मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 151/26, दिनांक 13 मार्च 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मौके से 406.84 लीटर विदेशी शराब, एक टाटा नेक्सोन वाहन और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। छापेमारी दल में कोचाधामन थानाध्यक्ष रंजय कुमार सिंह, धनपुरा पिकेट प्रभारी प्रदीप कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



