District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

ठाकुरगंज : पौआखाली एपीएचसी व टेढ़ागाछ रेफरल अस्पताल को मिली नई एम्बुलेंस

सिविल सर्जन ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, आपातकालीन सेवाएं होंगी मजबूत

किशनगंज,09मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और पहल करते हुए अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौआखाली तथा टेढ़ागाछ रेफरल स्वास्थ्य केंद्र को एक-एक नई बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई है। सोमवार को सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने इन एम्बुलेंसों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों के लिए रवाना किया।

इस मौके पर सिविल सर्जन ने कहा कि एम्बुलेंस सेवा आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना पीड़ितों और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल तक पहुंचाने में इसकी अहम भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि नई एम्बुलेंस के संचालन से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में काफी सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि जिले के कई ग्रामीण एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में समय लग जाता है। ऐसी स्थिति में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल तक पहुंचाने के साथ-साथ दुर्घटना, हृदयाघात और अन्य आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में जीवनरक्षक साबित होती है।

जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. मुनजिम ने बताया कि जिले में एम्बुलेंस सेवा का व्यापक नेटवर्क स्थापित किया गया है। वर्तमान में दिघलबैंक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत जीवन रक्षक एम्बुलेंस और तीन बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत और तीन बेसिक एम्बुलेंस, जबकि पोठिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत तथा दो बेसिक एम्बुलेंस उपलब्ध हैं।

इसी प्रकार टेढ़ागाछ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दो बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस, कोचाधामन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत और दो बेसिक एम्बुलेंस, किशनगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत एम्बुलेंस तथा बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक उन्नत और दो बेसिक एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध है।

वहीं सदर अस्पताल किशनगंज में तीन उन्नत जीवन रक्षक और पांच बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस संचालित हैं। इसके अतिरिक्त जिले में दो मोर्चरी वाहन भी उपलब्ध हैं। एम्बुलेंस सेवा के क्लस्टर लीडर मो. आसिफ रहमानी ने बताया कि नई एम्बुलेंस मिलने से जिले में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की क्षमता और मजबूत होगी। बेसिक लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस में प्राथमिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध रहते हैं, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचने तक आवश्यक जीवनरक्षक सहायता दी जा सकती है।

वहीं जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। एम्बुलेंस सेवाओं के विस्तार से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करें, ताकि मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!