ताजा खबर

*दरभंगा में अनुसूचित जाति परिवार पर हुए हिंसा मामले में मंत्री ने लिया संज्ञान*

- पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/दरभंगा में अनुसूचित जाति परिवार पर हुई हिंसा पर संज्ञान लेते हुए एससी-एसटी विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन बुधवार को पीड़ित परिवारों से मिलने दरभंगा पहुंचे। उन्होंने दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाजरत पीड़ितों से उनका हाल-चाल लिया। पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पीड़ितों को सरकार की ओर से हर संभव आर्थिक, चिकित्सीय एवं कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सर्वोत्तम और त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने आवश्यक दवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता तथा समुचित देखभाल की व्यवस्था पर विशेष बल दिया।

मंत्री ने जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों से भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की और निर्देशित किया कि दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अत्याचार या भेदभाव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

साथ ही, यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय, समानता और कानून के शासन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!