किशनगंज : बस स्टैंड डाक पर उठे सवाल, 10% अधिक राशि देकर निविदा अपने नाम करने की मांग
किशनगंज,16फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए वीर कुंवर सिंह बस टर्मिनल की डाक प्रक्रिया को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कॉन्ट्रेक्टर सह लोजपा जिलाध्यक्ष हबीबुर्रहमान ने डाक प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए नगर परिषद अध्यक्ष को आवेदन सौंपा है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि बस स्टैंड की निविदा का प्रचार-प्रसार प्रिंट मीडिया या सोशल मीडिया के माध्यम से नहीं किया गया, जिससे उन्हें डाक की जानकारी नहीं मिल सकी और वे प्रक्रिया में भाग नहीं ले पाए।
अपने आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि निर्धारित डाक राशि 1 करोड़ 45 लाख 20 हजार रुपये से 10 प्रतिशत अधिक राशि देने को वे तैयार हैं और राज्य के राजकोष हित में निविदा अपने नाम करने की इच्छा जताई है।
उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष से आग्रह किया है कि उनके आवेदन पर विचार कर उचित आदेश पारित किया जाए। इधर, इस मामले को लेकर नगर परिषद स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। अब देखना होगा कि परिषद प्रशासन इस आवेदन पर क्या निर्णय लेता है।



