ताजा खबर

कोइलवर से भागलपुर तक विकास की रफ्तार, जेपी गंगा पथ विस्तार से बदलेगी बिहार की तस्वीर – अरविंद निषाद

मुकेश कुमार/जद (यू) प्रदेश प्रवक्ता श्री अरविंद निषाद ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार सरकार द्वारा जेपी गंगा पथ के ऐतिहासिक विस्तार का निर्णय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की दूरदर्शी सोच और विकास के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का एक और प्रमाण है। राज्य में बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के उद्देश्य से कोइलवर से भागलपुर के सबौर तक 118 किलोमीटर के विस्तार पर 16,465 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा बिहार के विकास इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सड़क, पुल और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। जेपी गंगा पथ का यह विस्तार न केवल पटना शहर को जाम की समस्या से राहत देगा, बल्कि भोजपुर, मुंगेर और भागलपुर सहित कई महत्वपूर्ण जिलों के बीच व्यापारिक, औद्योगिक और सामाजिक संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह ‘सुपर हाईवे’ राज्य के आर्थिक विकास की धुरी बनेगा और निवेश के नए अवसर सृजित करेगा।

हाइब्रिड एन्युटी माॅडल पर इस परियोजना को लागू करने का निर्णय मुख्यमंत्री की व्यावहारिक और नवाचारी नीति का उदाहरण है, जिससे निजी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता व गति सुनिश्चित होगी। यह माॅडल बिहार को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।

इसी क्रम में एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से 3,743.65 करोड़ रुपये की लागत से 266.17 किलोमीटर लंबाई के तीन राज्य उच्च पथों और दो प्रमुख जिला पथों के उन्नयन को मिली मंजूरी भी मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की समावेशी विकास नीति का परिणाम है। सुपौल, अररिया, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा और बक्सर जैसे सीमावर्ती एवं ग्रामीण जिलों में सड़क नेटवर्क को सशक्त बनाकर सरकार क्षेत्रीय असमानता को दूर करने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में निर्णायक कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ‘न्याय के साथ विकास’ की परिकल्पना आज धरातल पर साकार होती दिख रही है। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और बिहार आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। जेपी गंगा पथ का विस्तार और राज्यभर में सड़क नेटवर्क का उन्नयन आने वाले वर्षों में बिहार के विकास को नई गति देगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!